3:57 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी -गांव के दबंगों ने दो भाइयों को पीटा, घर में घुसकर चाकू-डंडों से किया हमला

उझानी -गांव के दबंगों ने दो भाइयों को पीटा, घर में घुसकर चाकू-डंडों से किया हमला।

उझानी-बदांयू 18 जून।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गठौना में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां 4 लोगों ने दो सगे भाइयों को मंदिर के पास घेरकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर डंडों-ईंटों से बुरी तरह पीटा। आरोपी यहीं नहीं रुके, बल्कि पीड़ितों के घर में घुसकर चाकू और डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी भी दी।

गठौना निवासी ज्ञानेन्द्र सिंह तोमर ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही कुलदीप उर्फ सुरजीत, संजीत, अजीत और मनवीर सिंह दबंग किस्म के लोग हैं। ये अक्सर उन्हें और उनके परिवार को बेवजह गाली-गलौज कर परेशान करते हैं।

15 अप्रैल 2026 को ज्ञानेन्द्र अपने भाई हिमांशु के साथ बाइक से डीजल लेकर गांव लौट रहे थे। गांव के मंदिर के पास इन चारों ने दोनों भाइयों को रोककर गालियां देनी शुरू कर दीं। मना करने पर आरोपियों ने डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। दोनों भाई किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे तो आरोपी पीछा करते हुए घर में घुस आए और चाकू-डंडों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट लिखाने थाने गए तो पुलिस ने तहरीर लेकर इंतजार करने को कहा, लेकिन मेडिकल तक नहीं कराया। भाई की हालत गंभीर होने पर वह जिला अस्पताल गए और इलाज कराया। थाने में मुकदमा दर्ज न होने पर उन्होंने एसपी को रजिस्टर्ड डाक भेजी, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई।

मजबूर होकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर उझानी थाने में धारा 173(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच उपनिरीक्षक रविंदर सिंह को सौंपी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस