बदायूं
ईओ की कुर्सी पर बैठकर बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर युवक ने मांगी माफी; नगर पंचायत उसावां में मचा बवाल
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां में अधिशासी अधिकारी (ईओ) की कुर्सी पर एक युवक को बैठाकर रील बनाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद जहां स्थानीय लोगों ने इसे सरकारी पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की, वहीं अब संबंधित युवक ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपना पक्ष रखा है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में नगर पंचायत में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात राजू सक्सेना के रिश्तेदार अभिषेक सक्सेना को ईओ की कुर्सी पर बैठकर रील बनाते हुए देखा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही कस्बे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया और लोगों ने इस कृत्य को सरकारी कार्यालय की मर्यादा के विपरीत बताते हुए नाराजगी जताई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अधिशासी अधिकारी की कुर्सी केवल एक फर्नीचर नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकार और जिम्मेदारी का प्रतीक होती है। ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति को उस पर बैठाकर वीडियो बनाना सरकारी पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है। मामले की शिकायत नगर पंचायत प्रशासन सहित उच्चाधिकारियों से करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग भी की गई है।
विवाद बढ़ने के बाद संबंधित युवक अभिषेक सक्सेना ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी मांगी है। माफीनामे में युवक ने स्वीकार किया कि उससे गलती हुई है और उसका उद्देश्य किसी अधिकारी, पद या संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं था। उसने लोगों से अपनी भूल के लिए क्षमा भी मांगी है।
हालांकि माफी के बाद भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कस्बे के लोगों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी कार्यालय में इस प्रकार की गतिविधि कैसे हुई। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल वायरल वीडियो और उसके बाद सामने आए माफीनामे ने नगर पंचायत उसावां की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिक अब उच्चाधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
केशव गुप्ता

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
