बदायूं में झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत, पति ने लगाया लापरवाही का आरोप।
बिल्सी, बदायूं 27 मई ।
जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से 35 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति छोटेलाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
26 मई की सुबह करीब 5 बजे गिरधरपुर निवासी छोटेलाल पुत्र जोहरी की पत्नी ललिता को पेट में अचानक तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ती देख छोटेलाल ने सुबह करीब 6 बजे गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर को घर बुला लिया।
आरोप है कि झोलाछाप ने बिना किसी जांच-पड़ताल के ही ललिता को एक इंजेक्शन लगा दिया और ग्लूकोज की बोतल चढ़ा दी। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद ललिता की तबीयत और बिगड़ने लगी।
हालत गंभीर होती देख परिजन उसे बिसौली के अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ललिता ने दम तोड़ दिया।
मृतका के पति छोटेलाल का आरोप है कि झोलाछाप की लापरवाही से ही उसकी पत्नी की जान गई है। उसने बिल्सी थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बिल्सी थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों का जाल लगातार फैल रहा है। बिना डिग्री के इलाज करने वाले ऐसे लोग कई बार मरीजों की जान के लिए खतरा बन जाते हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद इन पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
