बदायूं
बदायूँ पुलिस का ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ा शिकंजा, 35 वाहन सीज — 18 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित
बदायूँ। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए बदायूँ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया गया जिनके खिलाफ 10 या उससे अधिक चालान लंबित थे।
यातायात पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन विभाग बदायूँ द्वारा 18 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
इसके अलावा 9 मई से 10 मई 2026 तक दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, प्रेशर हॉर्न और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में चालान करते हुए कई वाहनों को सीज भी किया।
अभियान के दौरान हुई कार्रवाई:
मॉडिफाइड साइलेंसर पर 66 चालान
हूटर के प्रयोग पर 2 चालान
प्रेशर हॉर्न पर 533 चालान
शराब पीकर वाहन चलाने पर 25 चालान
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 35 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 661 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
केशव गुप्ता
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



