बिल्सी। उझानी से आ रही मुख्य विद्युत लाइन एवं नगर क्षेत्र की हाईटेंशन लाइन में बरसात के बाद आए फाल्ट के कारण नगर की विद्युत आपूर्ति करीब आठ घंटे तक बाधित रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरी रात और सुबह तक बिजली न आने से उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त रहा।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब एक बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान मुख्य लाइन में फाल्ट हो गया, जिससे नगर की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को रातभर उमस और अंधेरे में समय बिताना पड़ा। वहीं सुबह के समय पेयजल संकट समेत अन्य समस्याएं भी उत्पन्न हो गईं। बताया जाता है कि सुबह करीब आठ बजे विभागीय कर्मचारियों ने लाइन की पेट्रोलिंग कर फाल्ट को तलाशा। इसके बाद लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की गई। बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले एक माह के भीतर उक्त लाइन में करीब दस बार ब्रेकडाउन हो चुका है, लेकिन विभागीय अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बार-बार हो रहे फाल्ट के कारण नगरवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं कराया गया है। लोगों ने लाइन की मरम्मत और व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से राहत मिल सके। इधर जेई राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लाइन में आए फाल्ट को दूर कर आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



