कोतवाली गेट बना ‘कुरुक्षेत्र’: डेढ़ माह के तहसीन पर मम्मी-पापा में छिड़ी जंग।
बच्चे को खींचते-खींचते बिलख पड़े मां-बाप, पुलिस ने कहा- ‘बस, बहुत हुआ!’
उझानी, बदायूं 7 मई।
जहां प्यार की डोर कमजोर पड़ी, वहां रिश्ते तमाशा बन गए। बुधवार दोपहर उझानी कोतवाली का गेट उस वक्त अखाड़ा बन गया जब पति-पत्नी अपने डेढ़ माह के लाल तहसीन को लेकर भिड़ गए।
रवीना डेढ़ माह पहले ही बेटे को सीने से लगाकर मायके आ गई थी। बुधवार को पति अचानक कोतवाली गेट पर टकरा गया। फिर शुरू हुआ ‘मेरा बच्चा-मेरा बच्चा’ का ड्रामा। एक तरफ मां कलेजे से चिपकाए, दूसरी तरफ बाप बाजू खींचे। डेढ़ महीने का तहसीन चीखता रहा, और सड़क पर मजमा लगता रहा।
हंगामा बढ़ा तो खाकी का पारा चढ़ गया। पुलिस दौड़कर आई, दोनों को लताड़ा और बोली- “बच्चा खिलौना नहीं!” फौरन मासूम को मां रवीना की गोद में रख दिया। बाप जी की अकड़ ढीली पड़ी तो शांतिभंग में चालान काटकर हवालात की हवा दिखा दी।
तमाशबीन बोले: “अरे, बच्चे का मुंह तो देख लेते! शादी में लड़ते हैं, तलाक में लड़ते हैं, अब कोतवाली में भी लड़ मरे।”
—
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






