दुर्गा कॉलोनी में आवारा सांड का आतंक, लोगों ने किया प्रदर्शन
बिल्सी। नगर की दुर्गा कॉलोनी में आवारा सांड के हमले से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की। कॉलोनी निवासी जयप्रकाश ओझा ने बताया कि दोपहर के समय कॉलोनी निवासी महेशपुरी अपने घर लौट रहे थे, तभी एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि उक्त सांड पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और कई लोगों पर हमला कर चुका है। प्रदीप ने बताया कि सांड के कारण कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं, राधा देवी ने कहा कि डर के कारण लोग मंदिर तक जाने से कतरा रहे हैं। कांति देवी ने सांड के व्यवहार को असामान्य बताते हुए कहा कि वह बिना उकसावे के लोगों पर हमला कर रहा है। घटना से आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से सांड को पकड़वाने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जयप्रकाश ओझा, अनुराग सिंह, बृजेश गुप्ता, प्रशांत सिंह, किरण देवी, राधा देवी, कांति देवी, भुवनेश्वरी देवी, दानवती देवी, विष्णु, अंशुल, विकास, प्रदीप आदि लोग मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



