कुंवरगांव। नगर के साप्ताहिक बाजार के निकट स्थित खाटू श्याम मंदिर धाम पर आगामी 3 अक्टूबर दिन शुक्रवार को एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। यहां पर हर एकादशी पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है, किंतु इस बार पापांकुशा एकादशी एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम रखा गया है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट रविन्द्र सिंह उर्फ़ दद्दू ने जानकारी दी कि आयोजन अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत बाल कलाकारों द्वारा विश्व प्रसिद्ध “रामायण सीरियल” पर आधारित संगीतमय रामायण की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात काशी से पधारे विद्वान आचार्यों द्वारा महाआरती करवाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ होगा।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। पूरे मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों की मालाओं और रोशनी की लड़ियों से सुसज्जित किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर विशाल स्वागत तोरण बनाया जा रहा है और मुख्य मंच को आकर्षक फूलों की सजावट एवं धार्मिक प्रतीकों से अलंकृत किया जा रहा है। भक्तों के बैठने और दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि सभी श्रद्धालु सहज भाव से कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
आयोजक मंडल ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार व मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक महोत्सव में सम्मिलित हों और धर्मलाभ प्राप्त करें।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

