6:14 am Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव: बुखार से किशोर की मौत, गुरुनानक हास्पिटल पर हंगामा, अस्पताल सील

 

कुंवर गांव । बुखार से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद गुरुनानक हास्पिटल पर परिजनों ने लापरवाही और गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के गांव हरनाथपुर निवासी निरंजन का पुत्र विक्रम उर्फ विक्की (13) बीते 10 सितंबर से बुखार से पीड़ित था। परिजन लगातार झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराते रहे। 12 सितंबर को उसे कुंवर गांव स्थित झबरा पुलिया के पास गुरुनानक हास्पिटल में भर्ती कराया गया। दो दिन इलाज के बाद भी हालत न सुधरने पर डॉक्टरों ने परिजनों से कहा कि मरीज को कहीं और ले जाओ। इस बीच, परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूल ली।

इसके बाद विक्रम को बरेली और सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन दोनों जगह भर्ती से मना कर दिया गया। आखिरकार मंगलवार देर रात घर लौटते समय विक्रम ने दम तोड़ दिया।

बुधवार सुबह गुस्साए परिजनों ने गुरुनानक हास्पिटल पहुंचकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, गुरुनानक हास्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था। अस्पताल के बाहर डॉक्टरों का पैनल बोर्ड लगाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा था, जबकि अंदर अनट्रेंड लोग इलाज कर रहे थे।

एसीएमओ डॉ. मोहन झा मौके पर पहुंचे और अस्पताल को सील करा दिया। उनका कहना है कि अस्पताल के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस