12:24 am Thursday , 5 November 2026
BREAKING NEWS

राजकीय पॉलीटेक्निक बिल्सी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टेबलेट वितरण समारोह सम्पन्न

राजकीय पॉलीटेक्निक बिल्सी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टेबलेट वितरण समारोह सम्पन्न

बिल्सी (बदायूं)। इंदिरा गांधी कंप्यूटर साक्षरता मिशन द्वारा संचालित राजकीय पॉलीटेक्निक, बिल्सी बदायूं में सोमवार, 16 जून 2025 को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत भव्य टेबलेट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर तकनीकी शिक्षा को और भी सुगम बनाना रहा।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री हरीश शाक्य जी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को टेबलेट वितरित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सरकार की इस पहल को युवाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री साबिर जी मौजूद रहे। उन्होंने संस्था के चेयरमैन डॉ. सौरभ सिंघल जी का संदेश पढ़कर सुनाया जिसमें तकनीकी शिक्षा के महत्त्व व छात्रों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया गया।

इस अवसर पर संस्था के उप-प्रधानाचार्य श्री राजीव कुमार, प्रोग्राम मैनेजर श्री मुराद आलम, शिक्षकगण — श्री धर्मेंद्र पाल, श्री आकाश पटेल, श्री अंश चौहान, श्री विशाल, सुश्री सलोनी, श्री करन तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री विनय सिंह, ग्राम प्रधान श्री भूरे सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने छात्रों से आह्वान किया कि वे इन टेबलेट्स का सदुपयोग करते हुए अपने तकनीकी व शैक्षणिक कौशल को बढ़ाएं ताकि डिजिटल इंडिया मिशन को गति मिल सके।

छात्र-छात्राओं ने सरकार के इस प्रयास का हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे ई-लर्निंग, ऑनलाइन क्लास, डिजिटल नोट्स, प्रोजेक्ट कार्य और अन्य तकनीकी विषयों में आसानी से दक्षता प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोग्राम मैनेजर श्री मुराद आलम ने किया। अंत में उप-प्रधानाचार्य श्री राजीव कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं।

पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक व स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.