युवक की मौत के बाद कैली गांव में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, टीम ने 49 ग्रामीणों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
29 लोगों की हुई जांच, सभी की रिपोर्ट सामान्य; वायरल बुखार, सर्दी और खांसी के मरीजों की संख्या अधिक
कुंवर गांव। कैली गांव में 18 वर्षीय युवक की बुखार से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव का रुख किया। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर घर-घर बीमार लोगों की जानकारी जुटाई और ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान कुल 49 मरीजों की जांच की गई, जिनमें अधिकांश लोग वायरल बुखार, सर्दी और खांसी से पीड़ित पाए गए। वहीं, 29 लोगों की विशेष जांच कराई गई, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया।
स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंची टीम में डॉ. मेहराज, डॉ. फहीम, डॉ. अशोक और राजपाल शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार परामर्श दिया और ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। टीम ने घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरों से बचाव करने तथा बुखार आने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को कैली निवासी सुतेश चौहान (18) पुत्र सोमवीर सिंह की बुखार के चलते मौत हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की मौत की वजह डेंगू बताई थी। घटना के बाद गांव में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका जताई जा रही थी। इसी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को गांव में जांच अभियान चलाया। फिलहाल विभागीय जांच में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com