12:16 pm Saturday , 28 November 2026
BREAKING NEWS

बारात चढ़ने के दौरान लगे जाम में फंसी एंबुलेंस

बारात चढ़ने के दौरान लगे जाम में फंसी एंबुलेंस, महिला की मौत

पति का आरोप—समय से अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण गई पत्नी की जान, मैरिज लॉन संचालक को ठहराया जिम्मेदार; पुलिस कर रही जांच

बदायूं। शहर के बदायूं-बरेली मार्ग पर शादी समारोह के दौरान बारात चढ़ने के समय लगे लंबे जाम में एंबुलेंस फंस गई। करीब एक घंटे तक जाम में फंसी एंबुलेंस में सवार महिला मरीज को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। बरेली स्थित हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने मैरिज लॉन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रसाद मंदिर से नवादा पुलिस चौकी तक गुरुवार रात करीब नौ बजे लंबा जाम लग गया। मृतका के पति भूपेंद्र के अनुसार, उनकी पत्नी किरन का बरेली के प्रेमनगर स्थित एक हायर सेंटर में उपचार चल रहा था। गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने निजी एंबुलेंस बुलाकर पत्नी को बरेली ले जाने का प्रयास किया।

भूपेंद्र का आरोप है कि पुरानी चुंगी स्थित पर्ल मैरिज लॉन में शादी समारोह के दौरान बारात चढ़ रही थी। डीजे की धुन पर बाराती सड़क पर नाच रहे थे, जिससे मैरिज लॉन से शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक लंबा जाम लग गया। उनकी एंबुलेंस प्रसाद मंदिर के पास जाम में फंस गई और करीब एक घंटे तक रास्ता नहीं मिल सका। गंभीर हालत में पत्नी को समय पर उपचार नहीं मिल पाया। बरेली पहुंचने पर चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया।

पति ने आरोप लगाया कि मैरिज लॉन में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। समारोह के दौरान सड़क पर वाहनों की भीड़ और बारात चढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने मैरिज लॉन संचालक को पत्नी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पर्ल मैरिज लॉन में शादी समारोह के दौरान डीजे और भीड़ के कारण मैरिज लॉन से पुलिस चौकी तक करीब ढाई घंटे जाम लगा रहा। वह स्वयं मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने में जुटे थे। एंबुलेंस में महिला मरीज की मौत के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.