8:26 am Sunday , 29 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी में लगा निशुल्क हड्डी रोग कैंप — 120 मरीजों की हुई जांच, एक्स-रे में मिली 50% छूट

उझानी में लगा निशुल्क हड्डी रोग कैंप — 120 मरीजों की हुई जांच, एक्स-रे में मिली 50% छूट।

उझानी (बदायूं) 28 नवंबर ।

नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. ए.के. गोयल के गोयल क्लिनिक पर शुक्रवार को हड्डी रोगियों के लिए निशुल्क कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में राम मूर्ति मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विभुम गोयल व उनकी पूरी टीम ने मरीजों की जांच की। कैंप में कुल 120 मरीजों की जांच करके दवाइयां लिखी गईं, कुछ मरीजों को ऑपरेशन की सलाह दी गई तथा एक्स-रे आदि में 50 प्रतिशत की छूट भी दी गई।

सुबह से ही क्लिनिक पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। घुटनों के दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, जोड़ों के दर्द, फ्रैक्चर, हड्डी टेढ़ी होने व चलने-फिरने में परेशानी से जूझ रहे मरीजों ने कैंप में पहुंचकर विशेषज्ञों से परामर्श लिया।

डॉ. विभुम गोयल ने मरीजों की विस्तार से जांच की और उन्हें बीमारी के कारण, बचाव व सही इलाज के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि हड्डी के रोगों में समय पर जांच व सही इलाज बहुत जरूरी है। दर्द को नजरअंदाज करने से बीमारी बढ़ जाती है। खान-पान, व्यायाम व सही दिनचर्या से हड्डियों को मजबूत रखा जा सकता है।

कैंप में आए बुजुर्ग मरीजों के घुटनों व कमर के दर्द की विशेष जांच की गई। कई मरीजों को फिजियोथेरेपी व दवाओं से ही आराम मिलने की बात कही गई, वहीं कुछ गंभीर मरीजों को ऑपरेशन की सलाह दी गई। एक्स-रे की सुविधा पर 50 प्रतिशत की छूट मिलने से गरीब व जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली।

डॉ. ए.के. गोयल ने बताया कि कैंप का उद्देश्य गरीब व जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निशुल्क कैंप लगाए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को समय पर अच्छा इलाज मिल सके।

कैंप के सफल आयोजन पर नगर के लोगों ने डॉ. ए.के. गोयल, डॉ. विभुम गोयल व उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.