12:26 pm Saturday , 28 November 2026
BREAKING NEWS

नकली सोना रखकर लोन लेने पहुंचे युवक को पुलिस ने पकड़ा, साथी फरार

नवादा में नकली सोना रखकर लोन लेने पहुंचे युवक को पुलिस ने पकड़ा, साथी फरार

26 ग्राम के चार कान के आभूषण जांच में निकले नकली, एसिड डालने पर बदल गया रंग; युवक का वीडियो भी आया सामने

बदायूं। नवादा स्थित कैपरी फाइनेंस ब्रांच में नकली सोने के आभूषण रखकर लोन लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। जांच के दौरान 26 ग्राम वजन के चार कान के आभूषण नकली पाए गए। इस दौरान युवक के साथ आए उसके साथी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, कुछ लोग नवादा की कैपरी ब्रांच में सोना रखकर लोन लेने पहुंचे थे। उनके साथ उस्मान अली निवासी चांदपुर, बरेली भी मौजूद था। बताया गया कि उसके पास आधार कार्ड खेड़ा नवादा, बदायूं का था। ब्रांच कर्मचारियों ने आभूषणों की जांच की तो वे नकली निकले। जांच में एसिड डालने पर उनका रंग हरा पड़ने लगा। आभूषणों में लगे मोती भी नकली पाए गए। इनका कुल वजन करीब 26 ग्राम बताया गया है।

मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक उस्मान अली कहता नजर आ रहा है कि उसे पैसों का लालच देकर पहली बार इस काम के लिए लाया गया था। उसे बताया गया था कि ब्रांच में सोना रखना है। युवक का कहना है कि जांच में आभूषण नकली निकलने के बाद उसके साथी उसे अकेला छोड़कर भाग गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ब्रांच कर्मचारियों ने युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ब्रांच एरिया मैनेजर शारिब चौधरी ने बताया कि बरेली का एक गिरोह नकली सोना रखकर लोन लेने का प्रयास कर रहा है। ब्रांच मैनेजर दिव्यांश ने भी मामले में कार्रवाई कराने की बात कही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार साथियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.