भाकियू (चढूनी) का धरना 50वें दिन भी जारी, भूमाफियाओं के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बदायूं। मालवीय आवास गृह पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 50वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक सुस्ती के चलते उनकी मांगों और सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जों के मामलों में कार्रवाई नहीं हो रही है।
जिला अध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलने और सरकारी जमीन कब्जामुक्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बीएसएनएल कार्यालय के पीछे नाले के दोनों ओर स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने उझानी क्षेत्र के ग्राम जनुईया में भगवान दास और प्रेमवती की जमीन पर कथित जबरन कब्जे का मामला भी उठाया। जिला महासचिव बीयीशु दास ने कहा कि संगठन गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहा है, लेकिन मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द न्याय नहीं मिला तो राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह (चढूनी) को बदायूं बुलाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने में कृष्ण अवतार शाक्य, कासिम खां, बब्बू हुसैन, रहीस अहमद मलिक, यादवेंद्र यादव, प्रेमवती, भगवान दास, अनवर शाह, नूरुद्दीन और शरीफ अब्बासी सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
सोमवार को प्रतिनिधिमंडल बरेली कमिश्नरी के आयुक्त को ज्ञापन सौंपेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com