7:42 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

बदायूं : रेत की सफेद चादर पर रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु हर-हर गंगे, निर्मल गंगे के जयघोष के साथ पतित पावनी गंगा में स्नान के लिए उमड़ पड़े। देखते ही देखते लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा तट पर एकत्रित हो गई और पूरा ककोड़ा धाम हर-हर गंगे, जय मां गंगे के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की, दीपदान किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए यज्ञ, कथा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया। कई श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर मां गंगा को साड़ी और चूनरी पहनाई। कन्या भोज और दान-दक्षिणा का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें देवकन्याओं को दही-जलेबी, पूरी-सब्जी का भोज कराकर दक्षिणा दी गई।
मेले में पहुंचे मनोना धाम के ओमेंद्र महाराज ने भी मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती कर भक्तों को आशीर्वाद दिया। उनके दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। गंगा तट पर भक्तों ने इलायची दाना, बताशे और बूंदी के लड्डू का प्रसाद अर्पित किया। वहीं स्काउट के दलों ने वॉच टावरों से मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी।

तंबुओं के शहर में जीवंत हुई सनातन परंपरा

रेत की चादर पर बसे तंबुओं के शहर में श्रद्धालुओं ने अपने मान पक्ष का तिलक लगाकर स्वागत-सत्कार किया और उन्हें भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर अपने मान पक्ष का सम्मान और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धालुओं ने इस प्राचीन परंपरा को भावनापूर्वक निभाया और अपने मान पक्ष को पूरी-सब्जी का भोज कराकर ससम्मान विदाई दी।

मेले में उमड़ा जनसैलाब, झूले और खरीदारी का आनंद

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मीना बाजार में जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री खरीदी, बच्चों ने खिलौनों का लुत्फ उठाया। ग्रामीणों ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदीं। झूले, जादू के खेल और कठपुतली नृत्य ने बच्चों और बड़ों दोनों का खूब मनोरंजन किया। सांस्कृतिक मंच पर श्रीकृष्ण लीला, श्रीराम लीला, जनजागरूकता और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। रात्रि विश्राम करने आए श्रद्धालुओं ने एलईडी स्क्रीन पर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

भंडारों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पूर्णिमा पर मेले में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन हुआ। मुख्य मार्ग, साधु-संतों के पंडालों और झूले के समीप निरंतर भंडारे चलते रहे, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

स्नान के बाद लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं के एक साथ वापस लौटने से सुतिया पुल से लेकर गंगापुर पुख्ता तक लंबा जाम लग गया। ट्रैक्टर-ट्राली, कारें और टेंपो घंटों फंसे रहे। पुलिस और प्रशासन के जवानों ने भारी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू कराया।

मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा का यह आयोजन आस्था, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा के चरणों में नमन करते हुए मोक्ष, शांति और समृद्धि की कामना की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.