बदायूँ: 21 नवम्बर। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद बदायूँ में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से 22 नवम्बर को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 06 बजे ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉकड्रिल के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देशों के क्रम में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा/नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह ने संबंधित विभागों को मॉकड्रिल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को समय से अपनी तैयारियां पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मॉकड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं आपदा मित्रों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी।
मॉकड्रिल में सायरन, संचार व्यवस्था, सुरक्षित निकासी, भीड़ नियंत्रण एवं प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाओं का अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों सहित अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य संबंधित विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को परखना है, जिससे वास्तविक आपातकालीन स्थिति में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com