कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदांयू । नगर में मारपीट के मामले में घायल व्यक्ति की मौत के बाद मामला नया मोड़ ले गया है। 45 वर्षीय नन्हे की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। शाम को शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नन्हे के साथ बीते 31 अक्तूबर को मारपीट हुई थी। उन्होंने मोहल्ले के ही चार पड़ोसियों पर घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस दौरान नीतू पत्नी कल्लू के साथ भी मारपीट किए जाने की बात तहरीर में कही गई थी। नन्हे की शिकायत पर पुलिस ने 13 नवंबर को विशाल, हृदेश, केशव और अरुण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद नन्हे की हालत बिगड़ गई थी। उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दो दिन पहले उपचार के बाद उन्हें घर लाया गया था। बृहस्पतिवार को घर पर ही उनकी मौत हो गई। नन्हे की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि, परिजनों ने अभी तक मौत के संबंध में पुलिस को कोई अलग तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com