बिसौली। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और चुनाव में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को तहसील परिसर में ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने अभियान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौजूद नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। अभियान के दौरान तहसील परिसर में पहुंचे आम नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने डमी ईवीएम पर बटन दबाकर मतदान का प्रत्यक्ष अभ्यास किया। लोगों ने बैलेट यूनिट के माध्यम से वोट डालने के बाद वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली पर्ची को देखा, जिस पर उम्मीदवार का नाम, क्रम संख्या और चुनाव चिह्न अंकित होता है। इससे मतदाताओं ने यह समझा कि उनका वोट सुरक्षित और सही प्रत्याशी को ही दर्ज हो रहा है। एसडीएम प्रियंका गोयल ने कहा कि “ईवीएम और वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय प्रणाली हैं। जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आम मतदाताओं की हर शंका का समाधान करना है, ताकि वे मतदान के दिन बिना किसी झिझक और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। वीवीपैट की पर्ची मतदाता को यह संतुष्टि देती है कि उनका वोट सही जगह पड़ा है।एसडीएम ने केंद्र पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि तहसील आने वाले प्रत्येक नागरिक को मशीन चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। इस दौरान तहसीलदार सोहन पाल, नायब तहसीलदार रजत कुमार, सुधाकर शर्मा समेत तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com