गृहों में बच्चों की सुरक्षा को दी जाए सर्वाेच्च प्राथमिकता
बदायूँ: 20 नवम्बर। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जनपद में संचालित राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं स्वैच्छिक संगठन दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का शुक्रवार को जिला निरीक्षण समिति द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। शासन एवं भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में मानकों का परीक्षण करते हुए जियो टैगिंग फोटोग्राफ के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति ने महिला अस्पताल परिसर में संचालित राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण तथा मोहल्ला नेकपुर की गली संख्या-01 में दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान अनाथ एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य, देखभाल, सुरक्षा तथा गृहों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक एवं समन्वयक ने समिति को अवगत कराया कि वर्तमान में गृह में तीन बच्चे निवासरत हैं। वहीं संरक्षण अधिकारी संस्थागत ने बताया कि एक बच्चा दत्तक ग्रहण पूर्व पालन-पोषण (प्री-एडॉप्शन फॉस्टर केयर) में है। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है तथा उनका स्वास्थ्य सामान्य है। बच्चों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।
इसी प्रकार दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई के सचिव अनूप सक्सेना ने बताया कि संस्था में विशेष आवश्यकता वाले दो बच्चे निवासरत हैं। दोनों बच्चे आरक्षित किए जा चुके हैं तथा दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया में हैं। उनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह ने गृहों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा बच्चों के आवासीय कक्ष, शौचालय, स्नानगृह एवं रसोईघर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। गृहों में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। बायोमैट्रिक डिवाइस के माध्यम से संस्थाओं में निवासरत बच्चों एवं कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा के लिए शासनादेश में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने दोनों गृहों से संबंधित अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित मानकों का अनुपालन कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, पुलिस उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सर्वेश कुमारी, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निरंजन सिंह, बाल कल्याण समिति सदस्य सविता मालपाणी, संस्थागत संरक्षण अधिकारी प्रीति कौशल, कांस्टेबल रवि कुमार, मुख्य आरक्षी यतेन्द्र कुमार एवं मुख्य आरक्षी बलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com