ऑपरेशन कन्विक्शन: हत्या के मामले में पांच दोषियों को आजीवन कारावास, प्रत्येक पर 23 हजार रुपये का जुर्माना
बदायूं। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान ”ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत बदायूं पुलिस की प्रभावी पैरवी से हत्या के एक मामले में न्यायालय ने पांच दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक दोषी पर कुल 23 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
मामला थाना उझानी में वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 525/2023 से संबंधित है। इसमें हसन पुत्र जागन, लालमियां पुत्र जागन, ताहिर हुसैन पुत्र साबिर अली, जागन पुत्र लालखां और भूरे पुत्र निहालुद्दीन निवासी वार्ड नंबर-02, पंखिया नगला कछला, थाना उझानी को आरोपी बनाया गया था।
विवेचना पूर्ण होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। पुलिस महानिदेशक के अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले को चिह्नित कर मॉनीटरिंग सेल और अभियोजन विभाग के समन्वय से लगातार प्रभावी पैरवी की गई।
इसी का परिणाम रहा कि 18 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय एडीजे (एफटीसी), बदायूं ने पांचों अभियुक्तों को धारा 302/34 आईपीसी में आजीवन कारावास और प्रत्येक को 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। वहीं धारा 147 आईपीसी में दो वर्ष का कठोर कारावास और प्रत्येक को तीन हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। अर्थदंड न देने पर 15 दिन का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। धारा 504 आईपीसी में सभी अभियुक्तों को दोषमुक्त कर दिया गया।
इस मामले में प्रभावी पैरवी करने वाले थाना उझानी के पैरोकार कांस्टेबल पिंटू कुमार, लोक अभियोजक मुनेन्द्र प्रताप सिंह तथा विवेचक उपनिरीक्षक सुमित शर्मा और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह का योगदान सराहनीय रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com