मधुमेह अब उम्र नहीं देख रहा, युवाओं को भी बना रहा शिकार।
विश्व डायबिटीज दिवस पर विशेष।
बदायूं 14 नवंबर।
कभी उम्रदराज लोगों की बीमारी मानी जाने वाली मधुमेह (डायबिटीज) अब युवाओं की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। देर रात तक जागने की आदत, अनियमित दिनचर्या, जंकफूड का बढ़ता चलन और शारीरिक मेहनत से दूरी लोगों के शरीर का आंतरिक संतुलन बिगाड़ रही है। नतीजा, हर वर्ग के लोग ब्लड शुगर की समस्या से जूझ रहे हैं।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के पांचवें और छठे सर्वे के आंकड़े इस गंभीर स्थिति को दिखाते हैं। आंकड़ों के तुलनात्मक विश्लेषण के अनुसार, महिलाओं में भोजन से पहले 141 से 160 मिलीग्राम/डेसीलीटर ब्लड शुगर स्तर का आंकड़ा सर्वे-5 के 3.6 फीसदी से बढ़कर सर्वे-6 में 4.8 फीसदी हो गया है।
वहीं, 160 मिलीग्राम/डेसीलीटर से अधिक शुगर वाली महिलाओं का अनुपात 2.8 प्रतिशत से बढ़कर 4.6 फीसदी और मधुमेह की दवा लेने वाली महिलाओं का आंकड़ा 6.7 फीसदी से बढ़कर 9.8 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
पुरुषों में भी स्थिति चिंताजनक है। 160 मिलीग्राम/डेसीलीटर से अधिक रक्त शर्करा स्तर वाले पुरुषों का अनुपात 3.2 प्रतिशत से बढ़कर सीधे 6.4 प्रतिशत हो गया है। इसके अलावा, मधुमेह की दवा का सेवन करने वाले पुरुष भी सर्वे-5 के 10.3 फीसदी से बढ़कर सर्वे-6 में 12 फीसदी दर्ज किए गए हैं।
हालांकि भोजन से पहले 141 से 160 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर रक्त शर्करा स्तर वाले पुरुषों का अनुपात सर्वे-5 में 6.4 प्रतिशत से सर्वे-6 में 5.3 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मधुमेह के लक्षण
– बार-बार पेशाब आना
– बहुत अधिक प्यास लगना
– अत्यधिक भूख महसूस होना
– अचानक वजन कम होना
– लगातार थकान महसूस होना
– चोट या घाव का देर से ठीक होना
– धुंधला दिखाई देना
ये जटिलताएं हो सकती हैं
– हृदय रोग और स्ट्रोक
– गुर्दों को नुकसान
– आंखों की रोशनी प्रभावित होना
– नसों को क्षति पहुंचना जिससे सुन्नता और दर्द हो सकता है
– पैरों में संक्रमण और घाव भरने में परेशानी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com