7:04 am Saturday , 14 November 2026
BREAKING NEWS

मण्डलायुक्त ने छठ पूजा की तैयारियों के दृष्टिगत कुड़िया घाट, संझिया घाट का किया निरीक्षण

मण्डलायुक्त ने छठ पूजा की तैयारियों के दृष्टिगत कुड़िया घाट, संझिया घाट, झूलेलाल वाटिका घाट व लक्ष्मण मेला पार्क स्थित छठ पूजा घाट का किया निरीक्षण

छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के दिए निर्देश

लखनऊ,
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत द्वारा आगामी छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत आज कुड़िया घाट, संझिया घाट, झूलेलाल वाटिका घाट व लक्ष्मण मेला पार्क स्थित छठ पूजा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा में सम्मिलित होने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने गोमती नदी एवं घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर जमा गंदगी, काई, जलकुंभी एवं अन्य अपशिष्ट को तत्काल हटवाया जाए तथा नदी एवं घाटों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।

उन्होंने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए निर्देशित किया कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, सुगम आवागमन, पार्किंग, रैम्प तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों तक पहुंचने के मार्गों को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि घाटों पर धूल-मिट्टी न उड़े, इसके लिए नगर निगम द्वारा पर्याप्त जल छिड़काव कराया जाए। सभी घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं समुचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन स्थानों पर नदी का जल गहरा है, वहां विशेष रूप से मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएं।

उन्होंने घाटों के आसपास मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रमुख घाटों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं दवाओं सहित तैनात की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

मण्डलायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का समय रहते स्थलीय सत्यापन भी कर लिया जाए, ताकि छठ पूजा पर्व का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण में सम्पन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.