।


बदायूं 5 नवंबर ।
घरों में काम मांगने के बहाने घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का सिविल लाइंस पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलीगढ़ की तीन महिलाओं और हाथरस की एक किशोरी को गिरफ्तार किया है। कब्जे से 1.88 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और तीन अंगूठियां बरामद की गई हैं।
एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 अक्तूबर को सिविल लाइंस के कृष्णा पार्क निवासी पेट्रोल पंप मालिक दीपक गुप्ता के घर दो महिलाएं काम मांगने के बहाने पहुंचीं।
एक महिला ने गृहस्वामिनी को बातों में उलझा लिया, जबकि दूसरी ने अलमारी से जेवर और नकदी चुरा ली। दोनों के जाने के बाद गृहस्वामिनी को चोरी का पता चला।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने शेखूपुर रेलवे स्टेशन से तीन महिलाओं और एक किशोरी को पकड़ लिया।
पकड़ी गई आरोपी सोनम (27), पूजा (25), रेनू (35) – निवासी बापूधाम सारसौल, थाना बन्नादेवी, जिला अलीगढ़।
एक 16 वर्षीय किशोरी- निवासी हाथरस क्षेत्र नाबालिग होने के कारण नाम नहीं दिया जा रहा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गरीब होने और बच्चों के लिए रोटी का इंतजाम करने की दुहाई देकर घरों में घुसती थीं। बातचीत में उलझाकर एक महिला चोरी करती थी, जबकि दूसरी नजर रखती थी।
पुलिस ने इनके कब्जे से 1,88,200 रुपये नकद, सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां बरामद की हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
एसपी सिटी ने लोगों से अपील की है कि घर में काम पर रखने से पहले अनजान व्यक्ति का आधार कार्ड और पहचान पत्र जरूर जांचें और पुलिस सत्यापन कराएं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com