
मोदी सरकार द्वारा UPI भुगतान पर टैक्स लगाने के विरोध में कांग्रेस ने किया जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन
#राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
# यूपीआई लेनदेन पर मोदी टैक्स अमेरिकी दबाव लगाया – अजीत यादव
—————————————————————————–
बदायूँ। 18 सितंबर। मोदी सरकार द्वारा यूपीआई भुगतान पर टैक्स लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया । जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बदायूँ जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर मोदी सरकार द्वारा 2000 से अधिक के मर्चेंट यूपीआई भुगतान पर 0.4 फीसदी मर्चेंट डिस्काउंट रेट टैक्स लगाए जाने का विरोध किया। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन लिया। ज्ञापन में यूपीआई भुगतान पर टैक्स वापस लेने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने यूपीआई भुगतान पर टैक्स को मोदी टैक्स करार दिया। उन्होंने इसे आम जनता , युवाओं ,मध्यमवर्ग और व्यापारियों पर अप्रत्यक्ष बोझ बताते हुए इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे अमेरिकी दबाव में लिया गया फैसला बताया ।कहा इससे छोटे भारतीय व्यापारियों, वेंडर्स और उद्यमियों को नुकसान होगा और बड़ी अमेरिकी कंपनियों को फायदा मिलेगा।कहा कि व्यापारियों पर पड़ने वाला यह अतिरिक्त बोझ अंततः आम उपभोक्ता की जेब से कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में वसूला जाएगा ।महंगाई से परेशान जनता को राहत देने के बजाय, मोदी सरकार हर दिन उनकी जेबें लूटने का नया तरीका खोज रही है ।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, वफ़ाती मियां और जिला महासचिव आलोक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीआई को लोकप्रिय बनाया, ‘कैशलेस अर्थव्यवस्था’ बनाने का सारा श्रेय खुद लेना चाहते थे और अब वे इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों पर टैक्स लगा रहे हैं। आसमान छूती महंगाई ने पहले ही आम आदमी की जेब खाली कर दी है। थोक महंगाई लगभग 10% है, और मोदी सरकार ने जनता पर ‘डिजिटल भुगतान कर’ लगाने की योजना बनाई है, जिसका मकसद जनता की बची-खुची बचत को भी खत्म करना है।
कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया और जिला सचिव अहमद अमजदी ने केंद्र सरकार पर अमेरिका के साथ विभिन्न मामलों में दबाव में आने का भी आरोप लगाया। कहा कि व्यापार, तेल आयात और अन्य नीतिगत फैसलों में भी सरकार ने अमेरिकी दबाव के आगे झुकने का काम किया है।
कांग्रेस जिला सचिव राजीव पटेल, मोरध्वज लोधी और यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर ने यूपीआई टैक्स को देश के आर्थिक हितों के खिलाफ बताया। कहा कि अमेरिकी कंपनियों के लिए भारत के डिजिटल भुगतान क्षेत्र का रास्ता खोलने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के उद्देश्य से यूपीआई टैक्स लगाया जा रहा है।
कांग्रेस में शामिल हुए आम आदमी पार्टी यूथ विंग के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र राठौर और कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव ने कहा कि 2,000 रुपये से अधिक के व्यापारिक यूपीआई लेनदेन की संख्या भले ही करीब पांच प्रतिशत हो, लेकिन यूपीआई के कुल लेनदेन मूल्य में इनकी हिस्सेदारी करीब 65 प्रतिशत है तथा उसका बोझ अंततः कीमतों में बढ़ोतरी के जरिये ग्राहकों की जेब पर ही पड़ेगा। कहा कि यूपीआई भुगतान पर टैक्स के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बफ़ाती मियां , दीपक मिश्रा , डॉ 0 खलील अहमद, सूरज पाल सोलंकी , मुनेंद्र कन्नौजिया, राजीव पटेल,अहमद अमजदी , गोपाल पांडेय, बबलू लोहार , यूनिस रजा,इकरार अली, जितेंद्र राठौर, कार्तिक रघुवंशी , नवनीत यादव , विजय बहादुर, जाबिर गद्दी ,रईस फारूकी, अरविंद यादव, ओमेंद्र चौधरी , रामधार कोरी , साहब सिंह , दिनेश , लोकेश , संतोष , रवेंद्र , सुरेंद्र यादव समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


