8:14 pm Friday , 11 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी : कछला गंगा घाट पर अमावस्या स्नान के दौरान बड़ा हादसा, दो बच्चे बचाए, एक बालिका लापता

उझानी : कछला गंगा घाट पर अमावस्या स्नान के दौरान बड़ा हादसा, दो बच्चे बचाए, एक बालिका लापता।

उझानी/कछला 11 सितंबर ।

कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं के परिवार में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब तीन बच्चे गंगा की तेज धारा में डूबने लगे। घाट पर मौजूद गोताखोरों और पुलिस की तत्परता से दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक 10 वर्षीय बालिका अब भी लापता है। एनडीआरएफ की टीम गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान प्रदेश के जिला भरतपुर, थाना गेनोली मोड़, तहसील उच्चैन क्षेत्र के दौलत गंगा गांव निवासी वीरन अपने परिवार व रिश्तेदारों के लगभग 40 लोगों के साथ बस से कछला गंगा घाट पर गंगा स्नान करने आए थे।

सुबह स्नान के दौरान वीरन की 10 वर्षीय पुत्री इंद्रा, दलवीर का 15 वर्षीय पुत्र गोविंदा और दलवीर की ही 12 वर्षीय पुत्री सकीना गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बच्चों के डूबने पर घाट पर शोर-शराबा मच गया। शोर सुनकर घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गोविंदा और सकीना को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक इंद्रा तेज बहाव में लापता हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही उझानी एसडीएम और इंस्पेक्टर उझानी धर्मेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर लापता बालिका इंद्रा की तलाश के लिए गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू करा दिया है। देर शाम तक बालिका का कोई सुराग नहीं लग सका था।

पुलिस ने बचाए गए दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस