बंदरों का आतंक: बिल्सी के खैरी गांव में एक सुबह तीन लोगों पर हमला, तीनों गंभीर घायल
।
बिल्सी बदांयू 1 सितंबर।
बिल्सी तहसील के खैरी गांव में मंगलवार सुबह बंदरों ने जमकर उत्पात मचाया। अलग-अलग हुई तीन घटनाओं में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हमले की पहली घटना में खैरी गांव निवासी हरनाम अपने काम पर जा रहे थे, तभी एक बंदर ने उन पर हमला कर काट लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बंदर को भगाया।
दूसरी घटना में गांव के ही भूरे सिंह सुबह शौच के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक बंदर ने उन पर झपट्टा मारा और उनके सिर में काट लिया, जिससे उन्हें गहरा घाव हो गया।
तीसरे हमले में खैरी निवासी गोविंद बाजार से सामान खरीदने जा रहे थे। गांव के रास्ते में एक बंदर ने उन पर हमला कर उनके हाथ में गहरा घाव कर दिया।
एक ही सुबह तीन लोगों पर हुए हमलों के बाद पूरे खैरी गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों की छतों और गलियों में निकलने से डर रहे हैं।
परेशान ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले की शिकायत की है। उन्होंने गांव में तुरंत वन विभाग की टीम भेजने और आवारा बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। बिल्सी के सरकारी अस्पताल में तीनों घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
अमन वार्ष्णेय
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


