4:55 pm Thursday , 27 August 2026
BREAKING NEWS

बंदर के काटने से महिला की मौत, गुधनी में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान

बंदर के काटने से महिला की मौत, गुधनी में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुधनी में बंदर के काटने के बाद एक गरीब महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने तथा मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गुधनी निवासी रानी पत्नी महावीर, जो नाई समाज के बेहद गरीब परिवार से थीं, को करीब एक सप्ताह पूर्व एक बंदर ने काट लिया था। ग्रामीणों के अनुसार, बंदर के काटने वाले स्थान पर बाद में संक्रमण फैल गया और महिला की हालत बिगड़ती चली गई। उपचार के दौरान आज रानी की मृत्यु हो गई।
रानी की मौत के बाद उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक छोटा बेटा है और घर में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। ऐसे में परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गुधनी गांव में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक हजार से अधिक बंदर हैं, जिसके कारण लोगों को घरों में खाना बनाने से लेकर गलियों में निकलने तक में परेशानी होती है। बंदरों के झुंड खेतों में भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं और ग्रामीणों का दावा है कि करीब 3,000 बीघा से अधिक कृषि भूमि पर बंदरों के आतंक के कारण खेती करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि गुधनी में बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए, ताकि किसी अन्य व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े। साथ ही ग्रामीणों ने मृतका रानी के पति महावीर को सरकार की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा एवं परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस