8:26 am Tuesday , 18 August 2026
BREAKING NEWS

इस्लामनगर -पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: डकैती गिरोह के सरगना समेत 3 बदमाशों को लगी गोली, 5 गिरफ्तार

बदायूं के इस्लामनगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: डकैती गिरोह के सरगना समेत 3 बदमाशों को लगी गोली, 5 गिरफ्तार।

बदायूं 26 मई।

इस्लामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। बरिया पुल के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने डकैती और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के 5 बदमाशों को धर दबोचा। जवाबी कार्रवाई में गैंग का सरगना किशनपाल समेत तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान सिपाही अनुज कुमार भी घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह 19 मई की रात इस्लामनगर कस्बे में निजाकत के घर हुई डकैती में शामिल था। बदमाश वहां से करीब 1.25 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लूट ले गए थे। इसके अलावा सिठौली गांव में हरचरन, प्रेमपाल, श्याम यादव और मुनेश पाल के घरों में भी इस गैंग ने नकदी और जेवरात की लूट की थी।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बरिया पुल के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बदमाश भागने लगे और पीछा करने पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में गैंग का सरगना किशनपाल निवासी जनेठा, थाना बनियाठेर, संभल; मनोज निवासी प्रतापपुर, थाना बहजोई, संभल और भूरा निवासी भोजपुर, हापुड़ घायल हो गए।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर बहजोई निवासी दीपक और ओमवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, ढालू समेत तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस और लूटा गया सामान बरामद किया है। घायल बदमाशों और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस