गौशालाओं की दुर्दशा और बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का मुद्दा उठा
हिंदू महासंघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिल्सी। जिले की गौशालाओं की बदहाल अर्थ व्यवस्था और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के नाम आठ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम प्रेमपाल सिंह को सौंपा। ज्ञापन में गौशालाओं की स्थिति सुधारने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़े गंभीर मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि जिले की गौशालाओं में गौमाता और नंदी महाराज की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिसका तत्काल संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले की अधिकांश गौशालाओं में नियमित आहार और दवाइयों की भारी कमी है, वहीं चिकित्सा व्यवस्था भी बेहद खराब स्थिति में है। इस पर शीघ्र संज्ञान लेकर सुधारात्मक कदम उठाए जाने की आवश्यकता जताई गई। इसके अलावा ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर केंद्र सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही दीपू चंद्र दास की हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई गई। बिना आईडी प्रूफ के भारत में रह रहे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और रोहिंग्या अथवा बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की घटनाओं पर कठोर कदम उठाने की भी मांग की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पि्रंस देव शर्मा, अनुज मिश्रा, सतेंद्र सिंह, रामेश्वर दयाल, अमित पाठक, शिव कुमार, प्रमोद मिश्रा, रितिक देव, विनोद भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






