5:24 pm Tuesday , 18 August 2026
BREAKING NEWS

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चार गुना हुई पैरासिटामोल की बिक्री

बदांयू 17 जून। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बदायूं में एक महीने में ही पैरासिटामोल और एजिथ्रोमाइसिन की बिक्री में चार गुना तक इजाफा हो गया है। इसके अलावा थ्री लेयर मास्क से सैनिटाइजर की भी खरीद लोगों ने करनी शुरू कर दी है। बिक्री बढ़ती देख दवा विक्रेताओं ने भी दवा, मास्क और सैनिटाइजर का स्टॉक बढ़ा दिया है।

बदांयू जिले में अभी भले ही कोरोना का कोई केस न हो, मगर कई राज्यों में इसके मामले बढ़ने लगे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने से भी लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। दवा विक्रेताओं का कहना है कि जरा सी खांसी, जुकाम और बुखार होने पर कई लोग तुरंत केमिस्ट के पास पहुंचकर दवा खरीदकर खा ले रहे हैं। पैरासिटामोल, एजिथ्रोमाइसिन, विटामिन सी से लेकर खांसी की सीरप तक इसमें शामिल है। इन कारणों से वायरल से जुड़ी दवाओं की बिक्री भी बढ़ी है।

दवा विक्रेताओं ने बताया कि पहले जहां जनपद में पैरासिटामोल की तीन से चार लाख गोलियों की प्रतिदिन बिक्री थी। वहीं, इनकी खपत अब रोजाना बढ़कर 10 से 12 लाख गोलियां हो गई हैं। सामान्य दिनों की अपेक्षा एजिथ्रोमाइसिन की बिक्री में भी उछाल देखा जा रहा है।

हालांकि, मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री में अभी बहुत अधिक उछाल नहीं आया है। एन-95 की कोई मांग नहीं है। थ्री लेयर मास्क की बिक्री में जरूर 15 से 20 फीसदी वृद्धि हुई है। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए लोग विटामिन सी का सेवन करते हैं। इन दिनों इसकी बिक्री में भी मामूली इजाफा हुआ है। इसके अलावा सैनिटाइजर की बिक्री में भी पांच से 10 फीसदी वृद्धि हुई है।

प्रदीप प्रजापति

विज्ञापन एक्सप्रेस