7:16 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

ईद- सिकंदर फिल्म में पहने सलमान के काले पठानी सूट की जबरदस्त मांग

उझानी बदायूं 28 मार्च।
रमजान का आखिरी जुमा आज है। ऐसे में ईद 31 मार्च या एक अप्रैल को मनाई जा सकती है। इसके लिए बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। लोग ईद की तैयारियों में खासतौर पर नए और आकर्षक कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं।

इस बार ईद पर युवाओं में एक खास चलन देखने को मिल रहा है। यूं तो बाजार में नए-नए डिजाइन के कुर्ते-पायजामे हैं, लेकिन इस बार अभिनेता सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ में पहने गए काले पठानी सूट की मांग ज्यादा है। फिल्म का चर्चित गीत मेरी जोहरा जबीं में सलमान खान ने काला पठानी सूट पहना है। इस पर सफेद कढ़ाई की गई है।
शहर के कपड़ों और टेलरों की दुकानों पर इसी डिजाइन के कुर्ते-पायजामे की मांग तेजी से बढ़ रही है। नगर की टेलरिंग की दुकानों पर कुर्ता-पायजामा, पठानी सूट सिलवाने के लिए बीते 15 दिन से काफी संख्या में लोगों ने अपनी बुकिंग करवा रखी है। कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि लोगों को समय से उनके कपड़े दिए जा सकें।

कारोबारी राशिद खान ने बताया कि ‘सिकंदर’ फिल्म वाले सूट को युवा खरीदने के लिए अधिक उत्सुक हैं। टेलर सुलेमान ने बताया कि काफी संख्या में लोगों ने कुर्ता-पायजामा और पठानी सूट सिलवाने के लिए बयाना दे रखा है। कारोबारी मो. अकरम ने बताया कि डिजाइनर कुर्त्तों के अलावा हमेशा की तरह इस वर्ष भी सफेद कुर्ता-पायजामा का महत्व कम नहीं हुआ है।

बाजार में दिल्ली व इंदौर के कुर्त्तों की भी खासी डिमांड है। इसमें इंदौर के डिजाइनर कुर्त्ते की मांग अधिक है। यह जैकेट के साथ पहना जाने वाला कुर्ता है। इसकी कीमत एक हजार से लेकर चार हजार रुपये तो कॉटन का कुर्ता-पायजामा पांच सौ से दो हजार तक में आसानी से उपलब्ध हे।———————— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.