खिलौने खरीदना पड़ा महंगा — साइबर ठगों ने किश्तों में उड़ाए 4 लाख 76 हजार, FIR दर्ज।
बिसौली (बदायूं) 28 नवंबर।
इंस्टाग्राम पर खिलौनों का पेज देखकर खिलौने खरीदना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने पहले 500 रुपये एडवांस लिया, फिर डिवाइस खराब, जीएसटी, एक्स्ट्रा चार्ज और प्रोसेस फीस के नाम पर 1 नवंबर से 6 नवंबर के बीच 32 बार में कुल 4,76,676 रुपये तीन अलग-अलग बैंक खातों से उड़ा लिए। पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। पुलिस ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम अहरौला, थाना बिसौली निवासी मोहित मीणा पुत्र भीमसेन मीणा ने प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम जनपद बदायूं को दी तहरीर में बताया कि वह 30 अक्टूबर 2026 को अपने घर पर अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर था, तभी उसे एक लिंक आया, जिस पर gurutoys बच्चों के खिलौने का पेज चल रहा था।
आरोप है कि उसने उस पेज पर अंकित व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क किया तो व्हाट्सऐप चैट पर उसकी बात दुकान मालिक सुकेन्द्र सिंह से हुई। उसने खिलौने खरीदने के नाम पर 30 अक्टूबर 2026 को 500 रुपये एडवांस के रूप में उसके बताए क्यूआर कोड पर भेज दिए।
एक दिन बाद डिलीवरी ब्वॉय का फोन आया। उसने खिलौने का डिवाइस खराब होने की बात कही और उसे सही कराने के नाम पर उसके भेजे क्यूआर कोड पर 1999 रुपये का पेमेंट करने को कहा। विश्वास में आकर मोहित ने 1 नवंबर 2026 को 1999 रुपये का पेमेंट कर दिया।
इसके बाद उसी दिन डिलीवरी ब्वॉय ने बताया कि खिलौनों पर जीएसटी दिखाई दे रही है, उसको हटाने के नाम पर 7160 रुपये का पेमेंट करने को कहा। मोहित ने 1 नवंबर को ही 7160 रुपये का पेमेंट कर दिया। फिर उसी दिन अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करने के लिए एक्स्ट्रा चार्ज के नाम पर 11985 रुपये का पेमेंट करने को कहा, जो मोहित ने कर दिया।
इसके बाद ठग ने कहा कि पूरा प्रोसेस होने के बाद आपका किया हुआ पेमेंट आपके खाते में वापस आ जाएगा। फिर उसने कहा कि आपका पेमेंट टाइम से पहले कर दिया गया है, इसलिए आप फिर पेमेंट करिए। इस पर मोहित ने फिर से 11985 रुपये पेमेंट कर दिया।
तहरीर के अनुसार, इसी तरह दुकान मालिक सुकेन्द्र सिंह द्वारा बार-बार प्रोसेस फीस के नाम पर 1 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक मोहित के यूनियन बैंक, एसबीआई व बैंक ऑफ बड़ौदा के तीनों खातों से कुल 32 बार में 4,76,676 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
इसके बाद मोहित को एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर फ्रॉड हो गया है, तो उसने तुरंत 9 नवंबर 2026 को साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज की, जिसकी शिकायत संख्या 23111260223730 है।
पीड़ित ने 26 नवंबर 2026 को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि ठगों के खातों व मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
सावधान रहें —
किसी भी अनजान लिंक, पेज या क्यूआर कोड पर पेमेंट न करें। जीएसटी, प्रोसेस फीस, एक्स्ट्रा चार्ज के नाम पर बार-बार पेमेंट मांगना ठगी का सबसे बड़ा संकेत है। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com