मेला ककोड़ा में खाकी पर दाग! ड्यूटी के दौरान शराब पीते पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
केशव गुप्ता
बदायूं। जिले के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात एक पुलिसकर्मी का कथित तौर पर वर्दी में शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वहीं, मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी वर्दी पहने शराब पीता नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है।
मामले को लेकर जब मेला इंचार्ज इंस्पेक्टर अश्वनी शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई वीडियो वायरल हुआ है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर होती है। ऐसे में यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान इस तरह की हरकत करता है तो यह बेहद गंभीर विषय है। इस तरह की घटनाओं से न केवल पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होती है, बल्कि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा भी कमजोर पड़ता है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com