2:29 am Sunday , 22 November 2026
BREAKING NEWS

ढोल-नगाड़ों की गूंज, मंगलगीतों की छटा और सात फेरों के पवित्र बंधन में संपन्न हुआ तुलसी विवाह

श्री रघुनाथ जी मंदिर में भव्य तुलसी विवाह समारोह श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न

बदायूं। श्री रघुनाथ जी मंदिर श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में आयोजित पावन तुलसी विवाह समारोह बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरा मंदिर परिसर विवाह के मंगलगीतों, भजनों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय हो उठा।

समारोह का शुभारंभ हल्दी एवं मेहंदी की पारंपरिक रस्मों के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान शालिग्राम जी की भव्य घुड़चढ़ी निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर धुन और ढोल की थाप के बीच निकली बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अतिथिगण शामिल हुए। कोई नृत्य कर अपनी खुशी व्यक्त कर रहा था, तो कोई बैठकर इस अनूठे विवाह उत्सव का आनंद ले रहा था। हर ओर उत्साह और उमंग का वातावरण दिखाई दे रहा था।

बारात के आगमन पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत एवं मिलनी की रस्म निभाई गई। इसके पश्चात विवाह की अन्य सभी रस्में विधि-विधान के साथ संपन्न हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम जी ने सात फेरे लिए और सात वचनों के साथ पावन विवाह की परंपरा पूर्ण हुई। उपस्थित श्रद्धालु इस दिव्य एवं मंगलमय अवसर के साक्षी बने।

श्री रघुनाथ जी मंदिर श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्ढा जी ने समारोह की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, जिससे समाज में एकता, सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बनी रहे।

श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दूआ ने बताया कि तुलसी विवाह का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। यह आयोजन हमारी प्राचीन परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सुंदर माध्यम है। उन्होंने आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के उत्साह एवं सहयोग की सराहना की।

समस्त समारोह भक्तिभाव, पारंपरिक उल्लास और सामाजिक एकता की सुंदर मिसाल बनकर संपन्न हुआ।बारात में शामिल माताओं, बहनों, युवाओं एवं बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ नृत्य किया। हर कोई अपने आराध्य के विवाह की खुशियों में सराबोर नजर आया।

वर पक्ष की ओर से श्रीमान ओमप्रकाश कोचर जी एवं उनकी धर्मपत्नी तथा वधू पक्ष की ओर से श्रीमान जगमोहन आहूजा जी एवं उनकी धर्मपत्नी ने आपसी आत्मीयता, सम्मान एवं स्नेह के साथ मिलनी की रस्म निभाई
दोनों पक्षों का पारंपरिक रीति से मिलन हुआ और एक-दूसरे का सम्मान करते हुए विवाह की मंगल परंपरा को आगे बढ़ाया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.