12:22 pm Friday , 20 November 2026
BREAKING NEWS

विद्यालय के संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी एवं संस्थापिका श्रीमती शिव देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण

विद्यालय के संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी एवं संस्थापिका श्रीमती शिव देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण

■ नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विद्यालय अध्यक्ष अरुण कांत गुप्ता एवं प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा ने किया प्रतिमाओं का अनावरण, अतिथियों ने पुष्पार्चन कर अर्पित की श्रद्धांजलि.

बदायूँ। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को विद्यालय के संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी एवं संस्थापिका स्वर्गीय श्रीमती शिव देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण समारोह श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विद्यालय के अध्यक्ष अरुण कांत गुप्ता एवं प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा ने संयुक्त रूप से दोनों प्रतिमाओं का अनावरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सुधांशु जी, नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विभाग संघचालक सुनील गुप्ता, विद्यालय के अध्यक्ष अरुण कांत गुप्ता, उपाध्यक्ष अशोक नारंग, व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा, सह-व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं संस्थापक दंपति की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी ने संस्थापक एवं संस्थापिका के त्याग, समर्पण और शिक्षा के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में प्रबंध समिति के सदस्य नरेश पाल गुप्ता, डॉ. भास्कर शर्मा, मयंक राज, राजीव नारायण रायजादा, अम्बरीश गोयल, सदस्या डॉ. गार्गी बुलबुल, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक एवं विद्यालय के संरक्षक व मार्गदर्शक सुरेश चंद्र सक्सेना, बाल कल्याण समिति बदायूँ के मंत्री मनीष सिंघल, नगर प्रचारक तुलसीदास जी, कपिल जी, देवेश सक्सेना एडवोकेट, मुकेश बाबू सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा एडवोकेट ने अपने संबोधन में संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी एवं संस्थापिका श्रीमती शिव देवी के जीवनवृत्त और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. जौहरी ने बरेली के मिशन अस्पताल एवं बदायूँ के जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिक्षा के प्रति अपनी विशेष रुचि एवं समाजसेवा के संकल्प के साथ उन्होंने 1 जुलाई 1988 को शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना की। दस वर्षों तक सफल संचालन के उपरांत 1 अगस्त 1998 को जूनियर कक्षाओं का शुभारंभ हुआ। संस्थापक दंपति के दूरदर्शी प्रयासों का ही परिणाम है कि आज यह संस्थान इंटर कॉलेज के रूप में शिक्षा की अलख जगा रहा है और निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में डॉ. जौहरी के त्याग, समर्पण एवं शिक्षा के प्रति उनके संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान ऐतिहासिक एवं सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने संस्थापक दंपति के आदर्शों को आत्मसात कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विद्यालय के संरक्षक एवं पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश चंद्र सक्सेना ने भावपूर्ण उद्गार व्यक्त करते हुए ईश्वर की कृपा के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से ही उन्हें शारीरिक शिथिलता के बावजूद इस गरिमामय कार्यक्रम का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा एवं प्रधानाचार्य सुशील कुमार तथा प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा ने मंचासीन अतिथियों को पटका एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समस्त आचार्य एवं आचार्या बहनों ने संस्थापक दंपति की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ आचार्य कृष्ण हरि शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के समस्त आचार्य, आचार्या बहनें एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.