प्यार के फूल मेरे दिल में खिलाने वाले…
नगरपालिका में एक शाम वालिदेन के नाम से हुआ मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन
महेन्द्र सक्सेना
सहसवान: नगरपालिका प्रांगण में एक शाम वालिदेन के नाम से कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। आतिफ निसार उर्फ जैनू और दानिश निसार ने इसे अपने पिता हाजी निसार हुसैन व मां की शादी की 50वीं सालगिरह के मौके पर आयोजित किया। कार्यक्रम में मशहूर ओ मारूफ शायर एवं कवियों ने अपनी नज्मों और गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया
कार्यक्रम की सदारत कर रहे हाजी निसार हुसैन ने शमां रोशन कर इसका शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की शुरूआत में दिल्ली से आए जावेद मुशीरी ने अपनी नात ऐ पाक पढ़ी। दिल्ली की ही अना दहलवी ने कहा ‘प्यार के फूल मेरे दिल में खिलाने वाले, अब तो आजा मेरी नींदों को चुराने वाले। एटा से आए कमल हातवी ने कहा ‘हवा से कह दो कि यूं खुद को आजमा के दिखाये, बहुत चराग बुझाती है इक जला के दिखाए। कोटा से आए कवि एवं शायर कुंवर जावेद ने अपने गीतों और शेरों से समा बांध दिया। उन्होंने कहा ‘कागजी फूलों में खुशबू तो नही होती है, इत्र उन पर भी छिड़क दो तो महक जाते हैं, तुम अगर कीमती हीरा हो तो रातों में मिलो, धूप में कांच के टुकड़े भी चमक जाते हैं।
गंजडुंडवारा से आए अज्म शाकरी ने कहा ‘प्यास है सब्र है अहसासे वफादारी है, जान दे दी है मगर जंग नही हारी है। जमाल हसन हसनपुरी ने कहा ‘दिल किसी से तुम भी कभी लगाकर देखो, जो हुआ हाल हमारा वह तुम्हारा होगा। दिल्ली से आये खालिद अखलाक ने कहा ‘मैं जानता हूँ यह दरिया नही सहरा है, तो रेत पर ही चलो मछलियां बनाते हैं। इनके अलावा सज्जाद झंझत व अनस फैजी ने अपने मजाकिया कलाम से श्रोताओं को खूब हंसाया। कार्यक्रम में वसीम नादिर, निगहत अमरोही, सुल्तान जहाँ पूरनपुरी, अजहान जिया, इमरान सैदपुरी और रिक अदा आदि ने भी अपनी गजलों और नज्मों को पेश किया। मुशायरे एवं कवि सम्मेलन की निजामत डॉ. हिलाल बदायूँनी ने की। उन्होंने अपने शेरों और गजलों से कार्यक्रम की सफलता में योगदान दिया। उन्होंने कहा ‘इक घर को अपने खून से सींचा था बाप ने, बेटे ने पल में कर दिए दो घर अलग-अलग। शायरों और कवियों ने आतिफ निसार उर्फ जैनू, उनके भाई दानिश निसार को इस कार्यक्रम की व उनके वाल्दैन को उनकी शादी की 50वीं सालगिरह पर मुबारकबाद पेश की। इस मौके पर अज़फार हुसैन, कमर जमशेद, अब्दुल फरीद खां, अंसार हुसैन, रागिब अली, नासिर अली, डॉ मुनीर अख्तर, मुनीश अली, अनस अली समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com