12:41 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

25 लाख की उधारी से बचने के लिए युवक की हत्या, आंवला में मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

।

आंवला। आंवला में 25 लाख रुपये की उधारी न चुकानी पड़े, इसलिए 22 वर्षीय युवक की हत्या की गई। पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी। दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। उनका एक साथी फरार है।

आंवला के मोहल्ला फूटा दरवाजा निवासी अशरफ अली (55) रविवार रात अपने बेटे अकरम के साथ ग्राम अलीनगर स्थित फार्म हाउस से बाइक पर घर लौट रहे थे। हसनैन की अमरूद की बगिया के पास मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी तौफीक कुरैशी ने दो साथियों के साथ उन्हें रोक लिया और फायरिंग की।

गोली अकरम के सिर में लगी और अशरफ छर्रे लगने से घायल हो गए। गंभीर हालत में अकरम को बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अशरफ की शिकायत पर पुलिस ने तौफीक और उसके साथियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया था।

एसएसपी बरेली के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमों ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर बंजरिया के जंगल में सिद्ध मंडी मंदिर के पास एक ट्यूबवेल की कोठरी को घेरा। पुलिस को देखकर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की।

गोली हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तौफीक कुरैशी (23) के दोनों पैरों और मोहल्ला ताड़गंज निवासी अशफाक उर्फ चौड़ा (20) के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनका तीसरा साथी झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया।

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी तौफीक ने बताया कि उसने मृतक अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड़वे खरीदे थे। यह बड़ी रकम न चुकानी पड़े, इसके लिए उसने अशफाक और विकास के साथ मिलकर अकरम को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस ने मौके से दो 315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद कर सीज कर दी है। घायल बदमाशों और पुलिसकर्मियों को सीएचसी आंवला में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.