।



उझानी (बदायूं) 4 नवंबर ।
दीपावली की पूजा में खास महत्व रखने वाली खील, बताशे और चीनी के खिलौने इस बार लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। त्योहार की पारंपरिक खरीदारी में शामिल इन वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़कर 90 से 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। पिछले साल के मुकाबले लगभग डेढ़ गुना तक बढ़ी कीमतों ने इस बार घर की पूजा की थाली का पूरा बजट बिगाड़ दिया है।
त्योहार नजदीक आते ही बाजार में इनकी मांग बढ़ जाती है, लेकिन इस बार चीनी और धान की लागत में आई तेजी का सीधा असर खुदरा भाव पर पड़ा है।
पिछले साल जो चीनी के खिलौने और बताशे 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, वे अब 90 से 100 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहे हैं। वहीं, धान से तैयार होने वाली खील भी पिछले साल के 70 रुपये प्रति किलो से बढ़कर अब सीधे 100 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।
दाम बढ़ने के पीछे कारोबारियों ने महंगाई और लागत का हवाला दिया है। विक्रेता हीरालाल ने बताया कि इस साल धान की कीमतों में काफी तेजी है, जिससे खील महंगी तैयार हो रही है। विक्रेता रनवीर का कहना है कि चीनी की कीमतें बढ़ने से बताशे और चीनी के खिलौनों के भाव में भी भारी उछाल आया है।
बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना है कि हर साल दिवाली पर यही सामान सबसे पहले खरीदा जाता है, लेकिन इस बार दाम सुनकर लोगों को बजट में कटौती करनी पड़ रही है। कई लोग कम मात्रा में सामान खरीदकर ही काम चला रहे हैं।
दुकानदारों को उम्मीद है कि दिवाली के एक-दो दिन पहले मांग और बढ़ेगी, लेकिन बढ़े हुए दामों के चलते इस बार बिक्री पर भी असर पड़ सकता है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com