बिल्सी। नगर के तहसील रोड स्थित श्री बालाजी भक्ति धाम पर शनिवार को श्री बालाजी भक्त मंडली के सेवादारों की ओर से बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार कर विशेष चोला अर्पित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं नगर के मोहल्ला संख्या चार सिरासौल रोड स्थित श्री संकट मोचन दरबार में भी धार्मिक आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। यहां महंत संजय शर्मा ने विधि-विधान से हनुमान जी पर चोला चढ़ाकर विशेष पूजा-अर्चना की। महंत संजय शर्मा ने कहा कि जो भक्त सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ बजरंगबली पर चोला अर्पित करता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


