बदायूं
उझानी के डिलौर गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिला समेत 8 घायल, क्रॉस केस दर्ज।
उझानी बदांयू 17 सितंबर।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के ग्राम डिलौर में सोमवार रात जमीन पर कब्जे और पुराने मुकदमे की रंजिश को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे और लोहे की पाइप से जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक गर्भवती महिला समेत 8 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला पक्ष – गुड्डी देवी का आरोप-
ग्राम डिलौर निवासी गुड्डी देवी पत्नी जुगेन्द्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर की रात गांव के ही सूरज पुत्र वेदराम, वेदराम पुत्र सरनाम, मौनी पत्नी वेदराम और वेदराम के दामाद कुँवरसैन पुत्र अच्छेलाल निवासी नगहरिया अस्पताल, थाना जलालाबाद शाहजहाँपुर लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उन्होंने उनके बेटों ब्रजेश, दीप सिंह, अनंत राम और नरसिंह को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दूसरा पक्ष – कुँवरसेन का आरोप-
वहीं दूसरे पक्ष के कुँवरसैन पुत्र अच्छेलाल निवासी डिलौर ने पुलिस को बताया कि वह रात घर पर खाना खा रहा था। तभी जुगेन्द्र पुत्र सरनाम, अनंत राम पुत्र जुगेन्द्र, ब्रजेश पुत्र जुगेन्द्र, दीप सिंह पुत्र जुगेन्द्र निवासी डिलौर और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर गाली-गलौज की। मना करने पर लाठी-डंडे और लोहे की पाइप (टंकी वाला) से हमला कर दिया।
कुँवरसैन का आरोप है कि हमले में उसे, उसके ससुर वेदराम पुत्र सरनाम, साले विक्रम पुत्र वेदराम और उसकी पत्नी नीलम पत्नी कुँवरसैन को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी पत्नी गर्भवती है, उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि दूसरा पक्ष उसकी जगह पर कब्जा करना चाहता है और पहले से चल रहे मुकदमे को वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह अपने साले की शादी पक्की करने गांव आया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अविनाश पुंढीर को सौंपी गई है। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है, जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


