2:38 pm Thursday , 17 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी नगर पालिका में दुकानों का करोड़ों में बंदरबांट, मामला मुख्यमंत्री पोर्टल पर।

बदायूं

उझानी नगर पालिका में दुकानों का करोड़ों में बंदरबांट, मामला मुख्यमंत्री पोर्टल पर।

उझानी बदायूं, 17 सितंबर।

नगर पालिका परिषद उझानी में दुकानों के आवंटन में करोड़ों रुपये के घोटाले का मामला अब जनसुनवाई पोर्टल से लेकर मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है।

मोहल्ला नझियाई निवासी रामचन्द्र पुत्र श्री राम ने माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को शिकायती पत्र भेजने के साथ-साथ जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसका संदर्भ संख्या 40014926046642 है।

14 सितंबर 2026 को नगर विकास विभाग में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि नगर पालिका उझानी में व्याप्त भ्रष्टाचार है, नगर पालिका की संपत्ति को बर्बाद किया जा रहा है। दुकानों को बिना नियमों के करोड़ों में बेचा जा रहा है।

शिकायती पत्र के अनुसार नगर पालिका के शॉपिंग सेंटर मार्केट की दुकानों को पुराने किराएदारों से हटाकर 4 से 5 करोड़ रुपये में अवैध रूप से आगे बेचा जा रहा है।

सबसे गंभीर आरोप एक ऐसी दुकान को लेकर है जिसके मूल आवंटी की मृत्यु वर्ष 1985 में हो चुकी है और उनका कोई वैध वारिस नहीं है।न आरोप है कि 2026 तक कोई विरासत दर्ज न होने के बावजूद वर्ष 2020-21 में वही दुकान 5 करोड़ 22 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति को किराए पर दे दी गई और बाद में दुकान को तोड़कर नए सिरे से निर्माण करने की अनुमति भी दे दी गई, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है।

शिकायत में कहा गया है कि मार्केट की कई अन्य दुकानों में भी इसी तरह नियमों को ताक पर रखकर निर्माण और आवंटन किया जा रहा है, जबकि स्थानीय बेरोजगार युवा दुकानों के लिए चक्कर काट रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि समस्त प्रकरण की उच्च स्तरीय व विजिलेंस जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और नगर पालिका की सभी दुकानों को कब्जे में लेकर सार्वजनिक नीलामी कराई जाए, जिससे नगर पालिका को करोड़ों रुपये के राजस्व का फायदा होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस