12:44 pm Thursday , 17 September 2026
BREAKING NEWS

बागपत में काल बना ईस्टर्न पेरिफेरल – गोगामेड़ी से लौट रहे बदांयू के 14वें श्रद्धालु ने भी तोड़ा दम।

बदायूं/बागपत 17 सितंबर।

राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम का दर्शन कर घर लौटना था, लेकिन रास्ता ही शमशान बन गया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए खौफनाक हादसे में मरने वालों की संख्या अब 14 हो गई है।

बुधवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत से जूझ रहे आखिरी घायल नेमपाल (48 ) ने भी 9 दिन बाद दम तोड़ दिया।

पिछले रविवार रात श्रद्धालुओं से भरी पिकअप बदायूं लौट रही थी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा गांव कट के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार साइड मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

हादसे में भाई-बहन, पति-पत्नी समेत 13 श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मरने वाले 14वें श्रद्धालु की पहचान नेमपाल निवासी मदारपुर, थाना सहसवान, जिला बदायूं के रूप में हुई है।

बेटे सुखपाल ने बताया – पिता 9 दिन से वेंटिलेटर पर थे। बुधवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। इस परिवार पर तो जैसे कहर ही टूट पड़ा है। नेमपाल से पहले उनके बेटे जितेंद्र की भी इसी हादसे में मौत हो चुकी है, जबकि पत्नी सुल्तान श्री अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। नेमपाल के पीछे दो बेटे और एक बेटी बेसहारा रह गए हैं।

तीन दिन बाद ज्यादातर घायलों को मेरठ मेडिकल, GTB दिल्ली और जिला अस्पताल बागपत से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन अभी भी तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल विकास और उसकी पत्नी सोनी का बरेली के एक निजी अस्पताल में और उर्मिला का बदायूं मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

इस मामले में पुलिस ने कैंटर चालक को गिरफ्तार कर FIR दर्ज कर ली थी। सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया ने बताया कि मेरठ में भर्ती घायल की बुधवार को मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस