8:58 am Thursday , 17 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल हाइवे पर सांड से बचने में हुआ हादसा।

उझानी, बदायूं, 17 सितंबर।

उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मथुरा-बरेली हाईवे पर मोतीमहल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक सामने आए सांड से बचने के लिए चालक ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छत भी नीचे दब गई। कार में पांच दोस्त सवार थे, जो ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान अयोध्यागंज निवासी सागर मिश्रा (20) और मुजरिया थाना क्षेत्र के परमू गांव निवासी रामकेश (24) के रूप में हुई है।

घायलों में उझानी के बहादुरगंज निवासी शैलेंद्र (20), सक्षम (17) और अयोध्यागंज निवासी कार्तिक (20) शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला और कब्जे में लिया। बाद में रिकवरी वैन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे किनारे कराया गया, जिसके बाद आवाजाही सामान्य हो सकी।

उझानी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस