बदायूं
भूसा चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
मोटरसाइकिल से जुड़ी तीन पहिया रिक्शा में चोरी का भूसा ले जाते पकड़े गए आरोपी
भूसा चोरी का खुलासा
बदायूं। फैजगंजबेहटा थाना पुलिस ने भूसा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया भूसा तथा भूसा ले जाने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल से जोड़कर बनाया गया तीन पहिया रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को ग्राम गुजरेला निवासी सोमपाल पुत्र गिरधारी लाल ने तहरीर देकर बताया था कि चोर उसके खेत में घुसकर भूसा चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना फैजगंजबेहटा में मुकदमा अपराध संख्या 203/2026, धारा 303 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओरछी से चन्दौसी की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन आरोपियों को चोरी का भूसा ले जाते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरपाल पुत्र मनोहर सिंह, परमवीर उर्फ नन्हे पुत्र वीरपाल और अरविन्द पुत्र वीरपाल, निवासी हनुमानगढ़ी, थाना चन्दौसी, जनपद संभल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया हुआ भूसा और भूसा ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा मोटरसाइकिल से जुड़ा तीन पहिया रिक्शा बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई थानाध्यक्ष कपिल कुमार के नेतृत्व में फैजगंजबेहटा थाना पुलिस टीम ने की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


