6:51 pm Wednesday , 16 September 2026
BREAKING NEWS

राधेलाल इंटर कॉलेज कछला की 75वीं वर्षगांठ: सांसद निधि से बने कक्ष का केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया उद्घाटन।

बदायूं

राधेलाल इंटर कॉलेज कछला की 75वीं वर्षगांठ: सांसद निधि से बने कक्ष का केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया उद्घाटन।

उझानी (बदायूं) 16 सितंबर।

शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण के क्षेत्र में 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुके राधे लाल इंटर कॉलेज, कछला में शनिवार को 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा रहे। उन्होंने सांसद निधि से निर्मित नवनिर्मित कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की, उसी के कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह अवसर मेरे लिए विशेष रूप से भावुक और स्मरणीय रहा, क्योंकि इस विद्यालय से मेरी पुरानी और आत्मीय यादें जुड़ी हुई हैं। इसी विद्यालय में मैंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। आज विद्यालय की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को देखकर पुरानी स्मृतियां एक बार फिर जीवंत हो उठीं।

उन्होंने कहा कि 1951 में स्थापित यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहा है। शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण के क्षेत्र में राधे लाल इंटर कालेज कछला की यह 75 वर्षों की यात्रा आने वाली पीढ़ियों को भी निरंतर प्रेरित करती रहे, यही मेरी शुभकामना है।

कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, ब्लाक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, चेयरमैन जगदीश चन्द्र लोनिया सहित कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस