बदायूं में दहेज के लिए महिला को पीटा, रेलवे स्टेशन के पास गेस्ट हाउस में ले जाकर किया उत्पीड़न, पति समेत तीन पर रिपोर्ट।
बदांयू 15 सितंबर।
बदांयू 15 सितंबर।
दातागंज थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने दूसरे पति और उसके माता-पिता पर दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने और गेस्ट हाउस में ले जाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी मूल रूप से बेहटा माधव थाना दातागंज की रहने वाली है। परिवार पिछले कुछ वर्षों से नांगलोई प्रताप विहार नई दिल्ली में मजदूरी करता है।
पीड़िता के अनुसार उसकी पहली शादी 27 मार्च 2018 को दिल्ली के किराड़ी सुलेमान नगर निवासी युवक के साथ हुई थी। कुछ समय बाद उसकी मुलाकात बहादुल्लागंज थाना कादरचौक निवासी अमन कुमार से हुई। आरोप है कि अमन ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसके पहले पति को दिखा दी। जिसके चलते 27 जनवरी 2025 को उसका तलाक हो गया।
इसके बाद अमन ने 20 अगस्त 2026 को उससे शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद जब अमन उसे अपने गांव ले गया तो उसके माता-पिता धर्मेन्द्र व उमा देवी ने दहेज की मांग को लेकर अमन को भड़काया। पति ने मारपीट की और सास-ससुर ने गांव वालों के सामने गाली-गलौज कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में अमन उसे बहला-फुसलाकर जवाहरलाल गेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन के सामने ले आया। वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मारपीट कर धमकी दी कि बिना दहेज लाए घर आई तो जान से मार देंगे।
इस मामले में पीड़िता ने 11 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को प्रार्थना पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर दातागंज पुलिस ने पति अमन कुमार, ससुर धर्मेन्द्र और सास उमा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक शशि मलिक को सौंपी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


