2:35 pm Tuesday , 15 September 2026
BREAKING NEWS

जिला एसोसिएशन KGBV कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन

KGBV कर्मियों ने उठाई मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण की मांग

जिला एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन

बदायूं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर सोमवार को आवाज बुलंद की। जिला KGBV एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदीप सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी तथा सदर विधायक/पूर्व राज्यमंत्री श्री महेश चन्द्र गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।

एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि KGBV विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में पार्ट टाइम, फुल टाइम, वार्डन, अकाउंटेंट समेत अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्मचारी लंबे समय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आर्थिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पार्ट टाइम एवं फुल टाइम कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, वार्डन एवं अकाउंटेंट के मानदेय में उचित बढ़ोतरी तथा लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण को शामिल किया गया। एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में वर्तमान मानदेय में परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन हो रहा है।

जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह जी व सहयोगी अमन कपूर ने कहा कि KGBV कर्मचारी विद्यालयों में छात्राओं की देखरेख और विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं में निरंतर योगदान दे रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों की सेवा अवधि, जिम्मेदारियों और कार्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि तथा भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमितीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन अपनी मांगों को संबंधित अधिकारियों एवं शासन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिलाधिकारी एवं सदर विधायक/पूर्व राज्यमंत्री श्री महेश चन्द्र गुप्ता से भी कर्मचारियों की समस्याओं को उचित स्तर पर रखने और समाधान के लिए पहल करने का अनुरोध किया गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अमन कपूर, प्रवीण, कुलदीप सहित जिला KGBV एसोसिएशन की टीम एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना पक्ष रखता रहेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस