12:54 pm Monday , 14 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी में प्याज ने रुलाया, 3 दिन में 20 रुपये बढ़े दाम, 70 रुपये किलो पहुंचा

उझानी में प्याज ने रुलाया, 3 दिन में 20 रुपये बढ़े दाम, 70 रुपये किलो पहुंचा।

उझानी, बदायूं 14 सितंबर।

रसोई के बजट पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। सब्जियों का स्वाद बढ़ाने वाला प्याज अब लोगों को आंसू रुला रहा है। स्थानीय मंडियों में नई फसल की आवक न होने और थोक सप्लाई घटने से फुटकर बाजार में प्याज का भाव 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।

तीन दिन पहले तक 50 रुपये किलो बिकने वाले प्याज में अचानक 15 से 20 रुपये की तेजी आई है। दाम बढ़ने से गृहिणियों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। अच्छी क्वालिटी का प्याज बाजार में सीमित है और मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।

सब्जी मंडी के फुटकर विक्रेता महेश कुमार ने बताया कि थोक नवीन मंडी से प्याज के कट्टे महंगे मिल रहे हैं। भाड़ा और छंटाई में खराब निकलने वाली प्याज का नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। थोक भाव बढ़ने से 65 से 70 रुपये किलो में बिक्री करनी पड़ रही है। दाम बढ़ते ही ग्राहकों ने खरीदारी आधी कर दी है।

वहीं सब्जी विक्रेता दीपक ने बताया कि नासिक से प्याज की आवक कम हो गई है। राजस्थान से आने वाली नई प्याज की खेप भी स्थानीय मंडियों में पूरी तरह नहीं पहुंची है। फिलहाल बाजार पुरानी कोल्ड स्टोरेज की प्याज पर निर्भर है। थोक मंडी में अच्छी क्वालिटी की प्याज कम मिल रही है।

व्यापारियों का कहना है कि नई फसल की आवक बढ़ने तक दाम में बड़ी राहत की उम्मीद कम है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस