8:49 am Sunday , 13 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत पर हंगामा, लापरवाही का आरोप

बदायूं में निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत पर हंगामा, लापरवाही का आरोप।

बदायूं ,13 सितंबर ।

जिले के निजी अस्पतालों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हत्सा में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हुई है।

शनिवार दोपहर वजीरगंज के गांव हत्सा निवासी फरहद की पत्नी आरिश को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पनबड़िया चौराहा स्थित अग्रवाल जनरल अस्पताल मेटरनिटी सेंटर में भर्ती कराने लाए। अस्पताल में महिला ने पुत्र को जन्म दिया।

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के ठीक बाद डॉक्टर ने महिला को एक इंजेक्शन लगाया और कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। मुंह से झाग आया और तड़प-तड़प कर उसने दम तोड़ दिया।

गुस्साए परिजनों ने बताया कि अस्पताल संचालक ने प्रसव कराने के नाम पर पहले ही 35 हजार रुपये जमा करा लिए थे। इसके बाद भी इलाज में घोर लापरवाही बरती गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर व संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अस्पताल संचालक का कहना है ऐसा कुछ नहीं इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई।

देर शाम तक अस्पताल प्रशासन और तीमारदारों के बीच समझौते को लेकर वार्ता चलती रही।

बताया जा रहा है कि मृतका आरिश पिछले चार महीने से ककराला स्थित अपने मायके में रह रही थी। वहीं पुलिस ने परिजनों से तहरीर मांगी है, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस